Top News

*मुख्यमंत्री ने कालकावासियों को दी सौगात, लगभग 25 करोड़ रुपये लागत की 3 परियोजनाओं का किया उद्घाटन*

*मुख्यमंत्री ने कालकावासियों को दी सौगात, लगभग 25 करोड़ रुपये लागत की 3 परियोजनाओं का किया उद्घाटन*

*कालका में आयोजित धन्यवाद रैली में कालका विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ने खोला घोषणाओं का पिटारा*
कालका  19 दिसंबर  ( विपुल मंगला) हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कालका विधानसभा क्षेत्रवासियों को विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए आज लगभग 25 करोड़ रुपये लागत की 3 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें नानकपुर में 132 केवी एवं 66 केवी सब-स्टेशन, नानकपुर में खुहवाला वाली नदी पर पुल तथा गांव नाला डखरोग में बेरघाटी नदी पर पुल का निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने  कालका में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए कालका विधानसभा क्षेत्र के लिए विभिन्न घोषणाएं की। इस अवसर पर  सांसद  कार्तिकेय शर्मा, कालका की विधायिका  शक्ति रानी शर्मा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि कालका विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न पुराने भवनों को हेरिटेज घोषित करने, फिल्मसिटी बनाने, जू स्थापित करने, मोरनी क्षेत्र में सफारी बनाने, कौशल्या डैम पर टूरिस्ट ऐक्टिविटी शुरू करने तथा ऐतिहासिक बावड़ियों के नवीनीकरण के संबंध में पर्यटन विभाग की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की जाएगी। इस कमेटी में कालका की विधायिका  शक्ती रानी शर्मा स्पेशल इनवाइटी होंगी। यह कमेटी इन सब गतिविधियों पर 6 माह में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।

*पिंजौर में बनाया जाएगा नया प्रशासनिक व ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स, हिमाचल प्रदेश से कालका में 2 प्रवेश मार्गों पर बनवाया जाएगा स्वागत द्वार*

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि पिंजौर में नया प्रशासनिक व ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश से कालका में 2 प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनवाया जाएगा। मोरनी शिवालिक एरिया में नए पानी के टैंक, चेकडैम आदि का भी निर्माण करवाया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के बजट प्रावधान अनुसार 5 करोड़ रुपये की लागत से खराब स्थिति वाले स्कूलों की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा, कालका विधानसभा क्षेत्र में पीपीपी मोड में टमाटर के लिए फूड प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने के लिए व्यवहार्यता की जांच कर प्लांट को स्थापित करने का काम किया जाएगा।

*गांव गणेशपुर भोरिया में राजकीय पशु औषधालय और गांव बड़ी शेर राजकीय पशु औषधालय को राजकीय पशु चिकित्सालय में किया जाएगा अपग्रेड*

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि गांव गणेशपुर भोरिया में राजकीय पशु औषधालय और गांव बड़ी शेर राजकीय पशु औषधालय को राजकीय पशु चिकित्सालय में अपग्रेड किया जाएगा। गांव वासुदेवपुर में नया राजकीय पशु औषधालय खोला जाएगा। मुख्यमंत्री ने उपरोक्त घोषणाओं के अलावा कालका के विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की।

 नायब सिंह सैनी कहा कि रायपुरानी में सीवरेज प्लांट तथा सीवरेज लाइन बिछाने के लिए एजेंसी से सर्वे करवाने हेतु टेंडर की कार्रवाई जारी है, जिसे तीव्रता से पूरा करवाया जाएगा। इसके अलावा, रायपुरानी और मोरनी में फायर स्टेशन स्थापित करने के संबंध में भी व्यवहार्यता की जांच कर इसे भी पूरा किया जाएगा। कालका विधानसभा क्षेत्र में 6 वार्डों में पार्क विकसित करने हेतु टेंडर आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 5 वार्डों में भूमि उपलब्धता के आधार पर पार्क विकसित किए जाएंगे।


*प्रदेश सरकार राज्य के विकास और प्रत्येक हरियाणवी के कल्याण के लिए वचनबद्ध – नायब सिंह सैनी

 हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने  कालका में आयोजित धन्यवाद रैली में उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए प्रदेश सरकार हरियाणा के विकास और प्रत्येक हरियाणवी के कल्याण के लिए वचनबद्ध है। प्रदेश सरकार की नीतियां, योजनाएं और कार्यक्रम विकसित भारत के चार स्तंभ किसान, युवा, महिला और गरीबों पर केंद्रित हैं। हरियाणा सरकार ने अथक प्रयासों से भौतिक व मानव विकास के पैमानों पर हरियाणा को एक खुशहाल और विकसित राज्य बनाया है।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में धन्यवाद रैलियों का शुभारंभ किया गया है। यह रैली कालका हलके के विकास को नई गति, नई दिशा देगी।

 

जनता ने चुनावों के दौरान कांग्रेस के इरादों को समझकर घमंडिया गठबंधन को दी करारी मात*:
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा के दौरान देश के स्वर्णिम भविष्य की गारंटी दी थी। हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री की इन गारंटियों व नीतियों पर समर्थन की मोहर लगाते हुए भाजपा को हरियाणा में तीसरी बार जनसेवा का मौका दिया है। इसके लिए उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लोगों के जीवन से मुश्किलें कम नहीं करना चाहती थी। कांग्रेस समाधान के बजाय विवाद बढ़ाना चाहती थी, लेकिन इनके इरादों को जनता ने चुनावों के दौरान भली भांति समझा और घमंडिया गठबंधन को करारी मात दी।

*पिछले 10 वर्षों में कालका क्षेत्र में 712 करोड़ रुपये की लागत से हुए विकास कार्य*

  नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में कालका क्षेत्र में पर्यटन, शिक्षा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाएं आदि को बढ़ाने के लिए निरंतर काम किया है। कालका क्षेत्र में लगभग 712 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाये गये हैं। अब तीसरे कार्यकाल में इस क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के कार्यों में तीन गुणा तेजी लाएंगे।

 

*कालका को पर्यटन हब बनाने के लिए किए जाएंगे समर्पित प्रयास*

  नायब सिंह सैनी ने कहा कि कालका क्षेत्र हरियाणा का सिरमौर है। शिवालिक की पहाड़ियों में बसा यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र में पर्यटन से रोजगार की बड़ी संभावनाएं हैं। हरियाणा सरकार इस क्षेत्र को पर्यटन हब बनाने के लिए समर्पित प्रयास करेगी, जिससे यहां पर्यटकों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो जाए। इसी दिशा में कालका से लेकर कालेसर तक के क्षेत्र को पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार पिंजौर को एडवेंचर स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। इसके लिए टिक्कर ताल और मोरनी में पैरामोटर और जेट स्कूटर, पैराग्लाइडिंग और होट बैलून जैसी एयरो स्पोर्ट्स व वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू की हैं।

*कालका विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं पर दिया जोर*

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने रायपुर रानी में कॉलेज और नानकपुर में पॉलिटेक्निक खोला है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए बाहर न जाना पड़े। इसी दिशा में पिंजौर के गांव खेदड़वाली में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिंजौर बाईपास पिंजौर बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 21-ए का काम लगभग पूरा हो चुका है। सरकार ने पेयजल की व्यवस्था के लिए कालका, पिंजौर और भोज नागल में बूस्टिंग स्टेशनों का निर्माण किया है। इसी प्रकार, स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, नानकपुर को अपग्रेड करके सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाया गया है। पिंजौर में 20 बैड का अस्पताल बनाने का काम जारी है।
 

*12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये डाले गए*:

  नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलवाने के लिए सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित की है। किसानों की फसल खरीद का पैसा डी.बी.टी. के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में डाला जा रहा है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये डाले गए। भावांतर भरपाई योजना के तहत 23 हजार 568 किसानों को 76 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। इसी साल खरीफ सीजन में बारिश कम होने से किसानों के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए 2,000 रुपये प्रति एकड़ की दर से 825 करोड़ रुपये की बोनस राशि किसानों के खातों में डाली है।

*राज्य सरकार ने विधानसभा के पहले सत्र में ही किसान हित में बनाए 3 नए कानून*:

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विधानसभा के पहले सत्र में ही किसान हित में 3 नए कानून बनाए हैं। हरियाणा कृषि भूमि पट्टा विधेयक-2024 पारित करके पट्टेदार किसानों और भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाली का काम किया है। ईस्ट पंजाब यूटिलाइजेशन ऑफ लैंड एक्ट-1949 के तहत शामलात भूमि पर 20 वर्षों से काबिज कृषक पट्टेदारों को उस भूमि का मालिकाना हक दिया है। गांवों में 20 वर्ष से अधिक समय से 500 वर्ग गज तक क्षेत्र में बने मकानों के मकान मालिकों को मालिकाना हक दिया है।
 

*युवाओं को बिना पर्ची - खर्ची के दी सरकारी नौकरियां*

  नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार के शपथ ग्रहण के दिन गत 17 अक्तूबर को ही 26 हजार युवाओं को बिना पर्ची खर्ची के सरकारी नौकरी दी। अब तक 1 लाख 71 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। हमारी सरकार ने अनुबंधित कर्मचारी सेवा सुरक्षा अधिनियम-2024 बनाकर 1 लाख 20 हजार कर्मचारियों के भविष्य को भी सुरक्षित किया है। अग्निवीरों को हरियाणा सरकार की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है।
 
*लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को मिलेगी हर महीने 2100 रुपये की वित्तीय सहायता* 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को विकसित भारत के चार स्तंभों में से एक माना है। उनकी प्रेरणा से महिला उत्थान के लिए प्रदेश सरकार ने कई और पहल की है। राज्य सरकार जल्द ही प्रदेश में महिलाओं के लिए 'लाडो लक्ष्मी योजना' शुरू करने जा रही है। इसके तहत हर महीने 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। हर गांव में एक महिला चौपाल का निर्माण किया जाएगा। हरियाणा पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने का भी संकल्प लिया गया है। 

इस अवसर पर कालका की विधायिका  शक्ति रानी शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि कालका की जनता के लिए ये सौभाग्य की बात है कि प्रदेशभर में होने वाली धन्यवाद रैलियों का आगाज कालका विधानसभा क्षेत्र से किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगे रखी।


कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष  ज्ञान चंद गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
*नशे की रोकथाम में अच्छा काम करने वाले को सम्मानित और कोताही बरतने वाले पर कार्रवाई करेगी सरकार – मुख्यमंत्री*

 

*सरकार ने पंचकूला में अंतर्राज्यीय सचिवालय स्थापित कर पड़ोसी 7 राज्यों को जोड़ा - नायब सिंह सैनी*

*मुख्यमंत्री आज नशे के विरूद्ध आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे*

*मुख्यमंत्री ने नशा न करने और दूसरों का नशा छुड़वाने की दिलवाई शपथ*

 हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशे की रोकथाम में अच्छा काम करने वाली पंचायतों और नशा बेचने या सप्लाई करने वालों पर कार्रवाई कर रोक लगाने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा और जिस अधिकारी के क्षेत्र में नशे पर रोक नहीं लगी, उसके खिलाफ कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी, क्योंकि हमारी सरकार हरियाणा प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि नशा के मामले में सरकार द्वारा किसी भी स्तर की कोताही सहन नहीं की जाएगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी पंचकूला में नशे के विरूद्ध आयोजित  कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

 नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशा आज पूरे संसार की समस्या बनी हुई है। नशीले पदार्थों की तस्करी में आतंकवादी समूहों और सिंडिकेट के शामिल होने से नार्को-आतंकवाद का खतरा पैदा हो गया है। यह देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा बनता जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने अपने नशा मुक्ति अभियान के तहत 1 सितम्बर, 2023 में एक राज्य स्तरीय साइकिल रैली चलाई थी। जिसमें युवाओं ने 25 दिनों तक प्रदेश के हर क्षेत्र में जाकर नशा मुक्ति का संदेश लोगों तक पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि इससे पहले 5 मई, 2023 को युवाओं और किशोरों को नशे से बचाने के लिए एक राज्य कार्य-योजना शुरू की गई। इस योजना के 3 पहलू -जन जागरूकता अभियान, नशामुक्ति व पुनर्वास और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।

*सरकार ने पंचकूला में अंतर्राज्यीय सचिवालय स्थापित कर 7 राज्यों को जोड़ा*

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया है। राज्य में यह टास्क फोर्स  नशे को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए निरंतर कार्रवाई कर रहा है ।

उन्होंने बताया कि नशे पर पूर्ण रोकथाम लगाने के लिए सरकार ने पंचकूला में अंतर्राज्यीय सचिवालय स्थापित किया गया है। इस सचिवालय में उत्तर भारत के 7 राज्य- हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड और राजस्थान के प्रतिनिधि आपसी समन्वय स्थापित कर नशे पर रोकथाम लगाने के लिए सूचनाओं को सांझा करते हैं।

*पीएम ने मन की बात में नशे के खिलाफ लड़ाई का कर चुके आह्वान*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार ने समाज को नशा मुक्त करने का बीड़ा उठाया है। उनके नेतृत्व में नशा मुक्त भारत बनाने के लिए नशीली दवाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री  ने अपने ’मन की बात’ कार्यक्रम  में नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में राष्ट्रीय मादक पदार्थ निरोधक हेल्पलाइन ’मानस’ का उपयोग करने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री  ने कहा था “नशे की लत, न सिर्फ परिवार, बल्कि, पूरे समाज के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। ऐसे में यह खतरा हमेशा के लिए ख़त्म हो, इसके लिए जरुरी है कि हम सब एकजुट होकर इस दिशा में आगे बढ़ें।“

 8 प्रदेश में 52 नशा मुक्ति केन्द्र खोले गए*

 नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रदेश में नशा मुक्ति व पुनर्वास के लिए 52 नशा मुक्ति केन्द्र खोले गये हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी नशा मुक्ति वार्ड स्थापित किये गये हैं। इसके अलावा, 13 जिलों के सिविल अस्पतालों में नशा मुक्ति केन्द्र बनाये गये हैं।

उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति व पुनर्वास के लिए ग्राम व वार्ड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक मिशन टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि नशे के उद्देश्य से उपयोग की जाने वाली दवाओं की अवैध बिक्री को रोकने के लिए राज्य के सभी केमिस्ट स्टोर के लिए एक मोबाइल ऐप ’साथी’ तैयार किया गया है।

*संतों-महात्माओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रही सरकार*

मुख्यमंत्री ने बताया कि बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए एक कार्यक्रम “धाकड़“ स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के स्तर पर शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए हरियाणा में जिला, रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सैल्स स्थापित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करने व युवा वर्ग की ऊर्जा को सृजनात्मक कार्यों में लगाने के लिए राहगिरी व मैराथन दौड़ आयोजित की जाती हैं।

उन्होंने बताया कि हमारी सरकार का  लक्ष्य है कि प्रदेश के लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक कर हरियाणा को नशामुक्त करना है। इसके लिए हम संतों-महात्माओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिक संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

*नशा न करने और दूसरों का नशा छुड़वाने की दिलवाई शपथ*

 नायब सिंह सैनी ने कहा कि  हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि युवा पीढी को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करें। जिन युवाओं को नशे की लत लग गई  है, उन्हें नशा छुड़वाने के लिए सहयोग दे और प्रेरित  भी करें। इसके लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी समाज व अभिभावक और माता-पिता की है। यह बहुत आवश्यक है कि माता-पिता अपने बच्चों को समय दें और उनकी बात सुनें। उन्हें सही मार्गदर्शन दें। कार्यकम के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशा न करने और अपने रिश्तेदारों का नशा छुड़वाने की शपथ भी दिलवाई।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, गृह सचिव  सुमिता मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य  मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post