जनसेवा को समर्पित विकास – विधायक शक्ति रानी शर्मा ने किया कालका में 1.80 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास

रिपोर्ट: ललित समाचार

कालका ,
 विकास कार्यों को गति देते हुए कालका विधानसभा क्षेत्र में  लगभग 1 करोड़ 80 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने नगर परिषद क्षेत्र के कई वार्डों में सड़क, नाला एवं पुलिया निर्माण से संबंधित परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ प्राप्त होंगी।
विकास कार्यों की इस कड़ी में वार्ड 25 में लगभग 7 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क निर्माण का कार्य आरंभ किया गया। वार्ड 9 में 25.18 लाख रुपये की लागत से नई इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क बनाई जाएगी। इसी क्रम में वार्ड 24 को बड़ी विकास सौगात देते हुए कुल 57.18 लाख की लागत से तीन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिनमें दो इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़कें और एक सड़क व नाले का निर्माण शामिल है।

वार्ड 8 में लगभग 50 लाख रुपये की तीन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इनमें क्रमशः 15.81 लाख रुपये और 15.79 लाख रुपये  की लागत से दो पुलियों का निर्माण तथा 17.81 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क निर्माण शामिल है। इसी क्रम में वार्ड 22 में 18 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण और वार्ड 14 में 20 लाख रुपये व 3.70 लाख रुपये की लागत से दो सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया गया।

स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इन विकास कार्यों के लिए विधायक  शक्ति रानी शर्मा का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि पहली बार विकास कार्य इतनी पारदर्शिता और तेजी से हो रहे हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
कालका मेरा परिवार, विकास मेरा संकल्प – विधायक शक्ति रानी शर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा,
कालका मेरा परिवार है और इस परिवार की सेवा मेरा कर्तव्य है। जनता से किए गए वादों को पूरा करना मेरी प्राथमिकता है। विकास कार्य कभी रुकेंगे नहीं।
उन्होंने कहा कि हर वार्ड में सड़क, नाले, जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में कालका नगर परिषद क्षेत्र के विकास हेतु लगभग 21 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कराई जा चुकी है।

विधायक शक्ति रानी शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री  नायब सैनी द्वारा हरियाणा के बुजुर्ग पेंशनधारकों की पेंशन में वृद्धि के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा—
दीपावली के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री  द्वारा प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को दिया गया यह उपहार उनके सम्मान और संवेदना का प्रतीक है। इस जनकल्याणकारी निर्णय के लिए मैं पूरे हरियाणा प्रदेशवासियों की ओर से मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करती हूँ।

विधायक ने जानकारी दी कि कालका विधानसभा क्षेत्र के पिंजौर से संबंधित 518 पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत माननीय 100-100 गज के आवासीय प्लॉट आवंटित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि धनतेरस के अवसर पर मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार अवकाश होने के बावजूद तहसील कार्यालय को रजिस्ट्री हेतु खुला रखने की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि लाभार्थियों को सुविधा मिल सके।

विधायक  शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि यह योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आशा की किरण है और इससे परिवारों के घर के सपने साकार होंगे। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री  का आभार व्यक्त किया।

Comments