छात्र उपलब्धियों के साथ सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल में गरिमामय गणतंत्र दिवस

छात्र उपलब्धियों के साथ सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल में गरिमामय गणतंत्र दिवस


पिंजौर , जनवरी ( विपुल मंगला)
सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय रहा कि कालका में आयोजित राजकीय गणतंत्र दिवस समारोह में विद्यालय के मेधावी छात्रों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कक्षा दसवीं की छात्रा पलक आहूजा ने आर्यभट्ट गणित ओलंपियाड में पंचकूला जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा आठवीं की छात्रा मानसी ने 18वीं जीएफआई नेशनल ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया, जबकि कक्षा बारहवीं के छात्र सचिन कुमार ने 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों में कांस्य पदक अर्जित किया। इन सभी विजेता विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस समारोह में शक्ति रानी शर्मा, विधायक कालका एवं संयम गर्ग, एसडीएम कालका द्वारा सम्मानित किया गया।
इस समारोह में गणतंत्र दिवस परेड में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भाग लिया। इसके साथ ही विद्यालय के छात्रों ने देश भक्ति गीत पर नृत्य कि माध्यम से दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।
इसके साथ ही विद्यालय में भी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम को हर्षोल्लास एवं देश प्रेम की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय में राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं कक्षा सातवीं की छात्रा सान्वी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर सान्वी को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन एवं विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने के लिए उनके अभिभावकों सहित सम्मानित भी किया गया।
यह समारोह विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल भावना एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पूरे कार्यक्रम ने भारतीय गणराज्य की सच्ची भावना को प्रतिबिंबित किया तथा विद्यालय के इस संकल्प को दोहराया कि वह अनुशासित, आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करता रहेगा।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष पुंज ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक किसी न किसी रूप में मातृभूमि की सेवा करने में सक्षम है। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर बल देते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Comments