सचिन कुमार की मेहनत लाई रंग, सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल को राज्य कुश्ती में दिलाया कांस्य पदक

सचिन कुमार की मेहनत लाई रंग, सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल को राज्य कुश्ती में दिलाया कांस्य पदक 

रिपोर्ट : ललित धीमान 
पिंजौर, सितंबर संघर्ष से सफलता तक की उड़ान मे सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल के कक्षा बारहवीं के प्रतिभाशाली छात्र सचिन कुमार ने हरियाणा राज्य इंटर-स्कूल कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर सपनों की मंज़िल की ओर एक और अहम कदम बढाया है। यह प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में पानीपत में 8 सितंबर 2025 से आयोजित की गई। जिसमें पूरे राज्य के श्रेष्ठ पहलवानों ने हिस्सा लिया।
सचिन कुमार की यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने न केवल मैट पर अपने प्रतिद्वंदियों का डटकर सामना किया, बल्कि खेल भावना और तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण देते हुए  पूरे टूर्नामेंट में अद्भुत कौशल और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, परिवार और विद्यालय के निरंतर सहयोग को दिया और राष्ट्रीय स्तर पर आगे भी प्रतिस्पर्धा करने का संकल्प दोहराया।
अपनी शुभकामनाओं में प्राचार्य डॉ. पियूष पुंज ने कहा कि सचिन कुमार की सफलता केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनकी लगातार मेहनत, सच्चे समर्पण, और अटूट विश्वास का परिणाम है। उनका मानना है कि यदि सचिन इसी तरह मेहनत करते रहें, तो वह आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम गर्व से ऊँचा कर सकते हैं।  
यह सम्मान न केवल सचिन की सफलता का प्रमाण है, बल्कि अन्य खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने, अंदर छुपी क्षमताओं को पहचानने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का स्पष्ट संकेत है।  सकारात्मक और सहयोगात्मक माहौल में छात्र न केवल अकादमिक बल्कि खेल-कूद और अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्टता प्राप्त करते हैं।

Comments