सरदार वल्लभभाई पटेल लोह पुरुष थे तो इंदिरा गांधी आयरन लेडी - चंद्रमोहन
:सरदार वल्लभभाई पटेल देश के पहले गृहमंत्री और उप प्रधानमंत्री रहे- विजय बंसल
रिपोर्ट :
सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के शहीदी दिवस के उपलक्ष में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व प्रदेश सचिव एवं पूर्व चेयरमैन हरियाणा सरकार एडवोकेट विजय बंसल के कार्यालय के समक्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन मुख्य अतिथि थे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस पूर्व प्रदेश सचिव विजय बंसल एडवोकेट ने की। चंद्रमोहन और विजय बंसल सहित उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन ने कहा कि जहां एक और सरदार वल्लभभाई पटेल को लोह पुरुष कहा जाता है वहीं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी को आयरन लेडी के नाम से जाना जाता था। सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया वहीं इंदिरा गांधी ने देश के विकास के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश का भी निर्माण किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने दलितों और गरीबों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाकर देश के पिछड़े वर्ग की उन्नति के लिए काम किया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाएं अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ें। उन्होंने भाजपा पर हरियाणा प्रदेश को पिछड़ा प्रदेश बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विशेष कर कालका विधानसभा क्षेत्र और जिला पंचकूला की जीवन रेखा कहलाई जाने वाली एचएमटी ट्रैक्टर फैक्ट्री को बंद कर क्षेत्र में बेरोजगारी फैलाने का काम किया है। चंद्र मोहन ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित की गई एचएमटी फैक्ट्री को भाजपा की मोदी और खट्टर सरकार ने बंद कर दिया यदि कांग्रेस सरकार सत्ता में आई तो एचएमटी फैक्ट्री को पुनः चलाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व सचिव एडवोकेट विजय बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा जिस स्वतंत्रता आंदोलन को चलाया गया था । उस आंदोलन में सरदार वल्लभभाई पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, देश की आजादी के बाद वल्लभभाई पटेल ने 562 रियासतों को एकजुट करने का काम किया, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर देश को प्रगति के पथ पर लाने का काम किया। इंदिरा गांधी ने सन 1974 में पोखरण में पहला परमाणु विस्फोट कर पूरी दुनिया में देश का लोहा मनवाया था। विजय बंसल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने भारत देश के लिए अपनी कुर्बानी दी। देश का एकमात्र गांधी परिवार है जिसके दो-दो सदस्यों ने देश के लिए अपनी जान तक न्योछावर कर दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम में पूर्व सरपंच रामदयाल, पूर्व सरपंच मदनलाल, पूर्व बीडीसी मेंबर चतर सिंह, बलविंद्र खेड़ा, सदरू खान, सूरजभान दहिया, राम प्रकाश, प्रहलाद, प्रीतम सिंह भींवर, गुरुप्यारा डोड, पूर्व सरपंच योगेंद्र ठाकुर, हरनेक किरतपुर, सुरजीत, भीमसेन वर्मा, तेजभान गांधी, आदेश यादव, पूर्व पंच रतन, गुरजंट धमाला, पूर्व पार्षद अरविंदर सिंह, पूर्व पार्षद धर्मपाल सिंगल, प्रदीप गोयल, अजय बब्बल, प्रकाश स्वामी, अरुण कोड़ा,आदर्श यादव पूर्व जिला प्रधान, युवा कांग्रेस कालका उपाध्यक्ष सागर सोनकर, अवतार सिंह सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और लोग मौजूद थे।
Post a Comment